13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

सरकार ने नागरिकों को आपदा की तत्काल सूचना देने के लिए सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम शुरू किया

नई दिल्ली 2026-05-02

सरकार ने स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए नागरिकों को आपदा की तत्काल सूचना देने के लिए सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम शुरू किया है। इस प्रणाली का परीक्षण करने के लिए आज दोपहर करीब 12 बजे नागरिकों के मोबाइल पर सायरन के साथ एक सूचना भेजी गई।

परीक्षण के दौरान संदेश में लिखा था – सतर्क नागरिक, सुरक्षित राष्ट्र। यह संदेश परीक्षण के लिए है, इसलिए जनता को इस पर कोई प्रतिक्रिया देने की कोई आवश्यकता नहीं है।

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस संदेश से नागरिकों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। यह भारत की नई मोबाइल आधारित आपदा संचार प्रणाली का परीक्षण संदेश है। उन्होंने कहा कि इसे दूरसंचार विभाग ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक का उपयोग करके विकसित किया है।

श्री सिंधिया ने कहा कि भविष्य में, इसी प्रणाली के माध्यम से, आपदा या आपात स्थिति में स्थानीय भाषा में और स्थान के अनुसार तत्काल अलर्ट भेजे जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल नागरिकों की सुरक्षा को और मजबूत करने और आपदाओं के दौरान त्वरित सूचना देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

दूरसंचार विभाग ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह एक उन्नत सार्वजनिक चेतावनी प्रणाली है। इसका उद्देश्य गंभीर परिस्थितियों में यथासमय संचार सुनिश्चित करना है। यह पहल देश भर के नागरिकों के लिए अधिक प्रतिक्रियाशील और मजबूत संचार प्रणाली के स्‍थापित करने में निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह पहल देश की आपातकालीन संचार और सार्वजनिक सुरक्षा प्रणाली को मजबूती प्रदान करती है।