नई दिल्ली 2026-09-23
आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना ने आज आठ वर्ष पूरे कर लिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सितंबर 2018 में झारखंड के रांची से इस योजना का शुभारंभ किया था। यह विश्व की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना बन गई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस योजना से चिकित्सा खर्च में रिकॉर्ड बचत हुई है और गरीब तथा मध्यम वर्ग को लाभ मिला है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि आठ वर्ष पहले आयुष्मान भारत को इस विचार के साथ शुरू किया गया था कि प्रत्येक भारतीय को उच्च गुणवत्ता वाली और किफायती स्वास्थ्य सेवा मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज 6 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को 5 लाख रुपये वार्षिक स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिल रहा है, जिससे यह विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना बन गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 5 करोड़ से अधिक लोग आ चुके हैं, जिससे जमीनी स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा मजबूत हुई है।
अब तक 4 करोड़ 54 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं।