पिछले साल से छह हजार अधिक विशेष रेलगाड़ियां
नई दिल्ली 2026-11-07
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे इस वर्ष करीब 18 हजार विशेष रेलगाड़ियां चला रहा है। पिछले वर्ष 12 हजार विशेष और इस बार 6000 से अधिक अतिरिक्त रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं।
श्री वैष्णव ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि नई दिल्ली और आनंद विहार सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भीड़ पर नजर रखने के लिए रेल भवन में वॉर रूम बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है और निगरानी के लिए सात सौ अतिरिक्त एआई कैमरे लगाए गए हैं। 20 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए अलग प्रतीक्षा क्षेत्र भी बनाए गए हैं।
रेल मंत्री ने बताया कि रेलवे ने यात्रियों को गुमराह करने के उद्देश्य से प्रसारित किए गए 78 पुराने वीडियो की पहचान की है। उन्होंने लोगों से ऐसे वीडियो पर भरोसा न करने की अपील की और कहा कि इनके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।