नई दिल्ली 2026-07-25
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि यह शुभ दिन भक्ति और करुणा के शाश्वत संदेश का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने प्रार्थना की कि भगवान विट्ठल का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, सद्भाव और समृद्धि लाए और देश को एक बेहतर समाज की ओर अग्रसर करे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भगवान विट्ठल प्रत्येक नागरिक के कल्याण और सम्मान के लिए अथक परिश्रम करने और सेवा करने के सामूहिक संकल्प को मजबूत करेंगे।
गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने आशा व्यक्त की कि भगवान विट्ठल और माता रखुमाई सभी के जीवन को सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा से भर दें।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी आशा व्यक्त की कि यह पवित्र त्यौहार नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाए और सभी को सेवा, करुणा और धर्म के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने देवशयनी आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर जनता को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री बिरला ने कहा कि आस्था, तपस्या, आत्मसंयम और भक्ति का यह पवित्र अवसर लोगों को आत्मचिंतन, सेवा और सद्गुणों के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भगवान विष्णु का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य, शांति और नई ऊर्जा लेकर आए।