नई दिल्ली 2026-05-15
भारत की वुशु खिलाड़ी अपर्णा दहिया ने कल मकाऊ में आयोजित 11वें सांडा विश्व कप में महिलाओं के 52 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। अपर्णा ने फाइनल में मौजूदा विश्व चैंपियन वियतनाम की थी फुओंग न्गा न्गो को सीधे सेटों में हराया।
12 मई को शुरू हुए इस टूर्नामेंट में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक था। इससे पहले, अपर्णा सितंबर 2025 में ब्राजील में आयोजित विश्व वुशु चैंपियनशिप के फाइनल में इसी प्रतिद्वंदी से हार गई थीं।
प्रतिस्पर्धी वुशु को ताओलू और सांडा में दो प्रमुख वर्गो में बांटा गया है।ताओलू जिम्नास्टिक और मार्शल आर्ट का मिश्रण है, और इसमें प्रतियोगियों को उनके मूवमेंट के आधार पर अंक दिए जाते हैं, जबकि सांडा एक आधुनिक बिना हथियार वाली स्पर्धा है, जिसमें मुख्य रूप से मुक्का मारना, लात मारना, फेंकना, कुश्ती और बचाव के तकनीक का इस्तेमाल होता है।