13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

गृह मंत्री अमित शाह ने अगले एक वर्ष में तीन नए आपराधिक कानून देशभर में पूरी तरह लागू करने का लक्ष्य रखा

नई दिल्ली 2026-08-26

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि हर क्षेत्र में नेतृत्व करने के लिए भारत को अपनी आंतरिक सुरक्षा और मजबूत करनी होगी। नई दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मजबूत आंतरिक सुरक्षा जरूरी है।
 
श्री शाह ने कहा कि नशीले पदार्थ, नक्सलवाद और पूर्वोत्तर की सुरक्षा चुनौतियों पर सरकार ने प्रभावी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि अगले 15 से 20 वर्षों की संभावित चुनौतियों की पहचान कर उन्हें समय रहते रोकने की रणनीति बनाई जानी चाहिए।
 
गृह मंत्री ने कहा कि अगले एक वर्ष में तीन नए आपराधिक कानून पूरी तरह लागू करने का लक्ष्य है। उन्होंने राज्यों से नशे के खिलाफ अभियान तेज करने और सुरक्षा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल पर जोर दिया। श्री शाह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सुरक्षित, घुसपैठ मुक्त और नशा मुक्त भारत बनाना है।