13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान निर्माण इकाई की आधारशिला रखी गई

नई दिल्ली 2026-05-15

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के साथ श्री सत्य साई जिले के पुट्टपर्थी में उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान- एएमसीए निर्माण इकाई की आधारशिला रखी।

इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया रक्षा दृष्टिकोण का एक प्रमुख स्तंभ बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि आरंभ की गई नई रक्षा परियोजनाएं राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करेंगी, औद्योगिक विकास को गति देंगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेंगी।
 
श्री सिंह ने कहा कि भारत अब गंभीर सुरक्षा स्थिति में विदेशों पर निर्भर नहीं रह सकता। उन्होंने स्वदेशी रक्षा विनिर्माण को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी भारत की नींव बताया।
 
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम के तहत घरेलू रक्षा उत्पादन 2014 में 46 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर अब एक लाख 54 हजार करोड़ रुपये हो गया है। वहीं रक्षा निर्यात 2014 में 600 करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 40 हजार करोड़ रुपये हो गया है, जो भारत की बढ़ती वैश्विक विनिर्माण क्षमताओं को दर्शाता है।
 
इस अवसर पर नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू, राज्य मंत्री, जन प्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।