2025-03-14
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि पूर्वोत्तर क्षेत्र विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह क्षेत्र देश में केसर की खेती का अगला महत्वपूर्ण केंद्र भी बनेगा।
आज शिलांग में नॉर्थ ईस्ट सेंटर फॉर टेक्नोलॉजी एप्लीकेशन एंड रीच के नए स्थायी परिसर की आधारशिला रखते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की मिशन केसर पहल के तहत 2021 से सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में केसर की खेती की जा रही है।
श्री सिंह ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश के मेंचुखा और सिक्किम के युकसोम में अब बड़े पैमाने पर केसर की खेती की जा रही है। इसे नगालैंड और मणिपुर तक बढ़ाने की योजना है। इससे पूर्वोत्तर क्षेत्र जम्मू-कश्मीर के पंपोर के बाद भारत का अगला महत्वपूर्ण केसर उत्पादन क्षेत्र बन जाएगा।