नई दिल्ली 2026-05-15
सरकार ने अग्रिम प्राधिकार योजना के अंतर्गत सोने के आयात पर एक सौ किलोग्राम की सीमा तय कर दी है। यह योजना आभूषण निर्यातकों को शून्य शुल्क पर कच्चे माल का आयात करने की अनुमति देती है। विदेश व्यापार महानिदेशालय ने एक सार्वजनिक सूचना में कहा है कि इस योजना के तहत निर्यातक एक बार में अधिकतम एक सौ किलोग्राम सोना ही बिना किसी शुल्क के मंगा सकते है।
महानिदेशालय ने पहली बार आवेदन करने वालो के लिए विनिर्माण संयंत्रों का भौतिक निरीक्षण अनिवार्य कर दिया है, ताकि उनकी परिचालन स्थिति और क्षमता का पता लगाया जा सके। इसमें यह भी कहा गया है कि दोबारा बिना शुल्क सोने के आयात के लिए कंपनी को अपने पिछले टारगेट का कम से कम 50 प्रतिशत निर्यात पूरा करना होगा। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए क्षेत्रीय कार्यलय को हर महीने इसकी रिपोर्ट निदेशालय को सौंपनी होगी। इससे पहले, इस योजना के अंतर्गत सोने के आयात पर कोई सीमा नहीं थी।