13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

सिरमिना में सुशासन तिहार शिविर आयोजित, 143 आवेदनों का हुआ त्वरित निराकरण

कोरबा 2026-05-15

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज ब्लॉक पोड़ी-उपरोड़ा के दूरस्थ ग्राम पंचायत सिरमिना में जनसमस्या निवारण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, विधायक पाली-तानाखार उपस्थित रहे। उनके साथ श्रीमती माधुरी देवी तंवर, अध्यक्ष जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा, उपाध्यक्ष श्री प्रकाश चंद जाखड़, जिला पंचायत सदस्य विद्वान मरकाम, एसडीएम श्री मनोज कुमार बंजारे, जनपद सीईओ श्री जय प्रकाश डड़सेना, जनपद सदस्य, ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। क्लस्टर की सभी 11 ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भी शिविर में सहभागिता की।

शिविर में ग्रामीणों की मांगों एवं शिकायतों से संबंधित कुल 796 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 143 आवेदनों का मौके पर ही संबंधित विभागों द्वारा त्वरित निराकरण किया गया। शेष आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही जारी है। शिविर में अतिथियों के कर-कमलों से खाद्य विभाग द्वारा आठ हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड, पंचायत और मनरेगा विभाग द्वारा दस जॉब कार्ड, कृषि विभाग द्वारा पंप सेट, उद्यान विभाग द्वारा सब्जी बीज तथा सहकारिता विभाग द्वारा तीन हितग्राहियों को चेक का वितरण किया गया।

मुख्य अतिथि तथा अन्य वक्ताओं ने कहा कि सुशासन तिहार ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का माध्यम है। सभी विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से ग्रामीणों को जिला मुख्यालय तक अनावश्यक रूप से चक्कर नहीं लगाने पड़ते। अतिथियों ने ग्रामीणों से कहा कि वे शिविर में उपलब्ध विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएँ। उन्होंने यह भी कहा कि दूरस्थ क्षेत्र सिरमिना में शिविर का आयोजन होना स्थानीय ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी है।