13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

कोरबा जिले में ग्रामीण 12.50 किमी सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण के लिए लगभग 5 करोड़ की स्वीकृति

भिलाईबाजार से कटसीरा-अखरापाली सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य की मिली प्रशासकीय स्वीकृति

कोरबा 2026-08-24

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को और अधिक मजबूत एवं सुगम बनाने की दिशा में कोरबा जिले को महत्वपूर्ण स्वीकृति मिली है। छत्तीसगढ़ शासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जिले की भिलाईबाजार से कटसीरा-अखरापाली सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

स्वीकृत सड़क की कुल लंबाई 12.50 किलोमीटर है। इस कार्य के लिए प्राक्कलन अनुसार 499.51 लाख रुपये अर्थात लगभग 4 करोड़ 99 लाख 51 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। 

सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही आसपास के गांवों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी। ग्रामीण क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना मजबूत होने से स्थानीय आवागमन के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के साथ मौजूदा ग्रामीण मार्गों को मजबूत एवं टिकाऊ बनाना है। केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा ग्रामीण सड़क अधोसंरचना को प्राथमिकता देते हुए इसके लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

कोरबा जिले में भी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से अब तक बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया गया है। जिले में पीएम जनमन योजना के अंतर्गत 36 और पीएमजीएसवाई फेस 4 के अंतर्गत 55 सड़क स्वीकृत है।

भिलाईबाजार से कटसीरा-अखरापाली मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण की स्वीकृति से क्षेत्र के ग्रामीणों को आने वाले समय में अधिक सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर सड़क सुविधा मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।