13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति ने किया गुठली दान का आव्हान

कोरबा 2026-05-15

नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने शहरवासियों, व्यापारीबंधुओं व समस्तजनों का आव्हान किया है कि वे घरों में उपयोग में लाये गये फलों की गुठली को संग्रहित कर निगम को दान करें, इस हेतु वे अपने घरों, दुकानों के सामने डिब्बे रखें एवं उपयोग में लाये गये फलों की गुठली उसमें डालें। उन्होने कहा कि निगम का यह भी प्रयास होगा कि वह सार्वजनिक चैक-चैराहों में गुठली दान हेतु डिब्बों की व्यवस्था कराएं।

अधिक से अधिक वृक्षों का रोपण हो, यह आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है, बढ़ता हुआ वायु प्रदूषण चिंता का विषय है, इससे निपटने के लिए पेड़-पौधों की बहुतायत संख्या में उत्पत्ति जरूरी है। लोगों द्वारा आम, जामुन सहित ऐसे फल जिनमें गुठली होती है तथा जो बीच का कार्य करते हैं, उन फलों को उपयोग के पश्चात गुठली कचरे में, नाली में या सूखी जगहों पर डाल दी जाती है, वह गुठली जो एक बीज भी है, वृक्ष का रूप धारण नहीं कर पाती तथा नष्ट हो जाती है। इसी के मद्देनजर सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने एक अभिनव पहल करते हुये गुठली दान का आव्हान आमनागरिकों को किया। गुठली दान में एकत्रित गुठली का ऐसे खाली स्थानों पर डाला जायेगा, जहाँ पर वे वृक्ष का रूप लेगा।