13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

डिंडोलभाठा में एचटीपीएस की ओर से स्वास्थ्य जागरुकता शिविर एवं स्वास्थ्य शिविर लगाया गया

कोरबा 2026-03-13

हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम की ओर से ग्राम डिंडोलभाठा में शुक्रवार को स्वास्थ्य शिविर एवं  जागरुकता शिविरों का आयोजन मुख्य अभियंता श्री एचके. सिंह के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामवासी स्वास्थ्य शिविरों का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं।  

हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम के समीपस्थ गांवों में स्वास्थ्य शिविर एवं जागरुकता शिविरों का आयोजन कर रहा है। यह कार्यक्रम श्रृंखला छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर जनरेशन कंपनी की नई परियोजना 2x660 मेगावाट संयंत्र की निगमित पर्यावरणीय उत्तरदायित्व  (CER-Corporate Environmental Responsibility ) के हिस्से हैं। जनरेशन कंपनी, विद्युत संयंत्र के समीपस्थ 11 गांवों में सीईआर के कार्यों को जमीनी स्तर पर पहुंचा रही है।

शिविर में एमजेएम हाॅस्पिटल, कोरबा के विशेषज्ञ चिकित्सक डाॅ. प्रिंस जैन एमडी (मेडिसिन) ने अपने उद्बोधन में ग्रामवासियों को राज्य व केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना का भरपूर लाभ लें। इसके साथ ही डाॅ. जैन ने ग्रामीणों को स्वस्थ रहने के नुस्खे बताए। डाॅ. जैन ने कहा कि पाॅवर कंपनी की यह अच्छी पहल है कि ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा दे रहा है। आप सभी ग्रामीणों को पाॅवर कंपनी के चिकित्सा विभाग द्वारा लगातार स्वास्थ्य सलाह भी दी जाती रही है, इसका भी लाभ उठाते रहें। 

ओजान न्यूरो सेंटर से स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डाॅ. कल्पना अहरवाल ने कहा कि 9 से 13 वर्ष की बच्चियों को एच.पी.वी. वैक्सीन लगवाएं ताकि भविष्य में बच्चेदानी के मुंह के कैंसर से बचाव हो सके। यह वैक्सीन नजदीकी सभी सरकारी अस्पताल में निःशुल्क लगाई जा रही है। बच्चेदानी के मुंह का कैंसर हमारे देश में दूसरे नंबर पर है। जबकि कैंसर की बीमारी पहले नंबर पर बना हुआ है। डाॅ. अहरवाल ने कहा कि शुरुआती लक्षणों को पहचानकर चिकित्कों से अवश्य सलाह लें। ग्रामीण महिलाओं को जागरूक करते हुए डाॅ. कल्पना अहरवाल ने कहा कि माहवारी के दिनों में स्वच्छता के साथ सावधानी रखें, गर्भावस्था में नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं, बच्चों को निमोनिया का टीका लगवाएं और टीबी से बचाव एवं प्रसार रोकने के लिए मास्क का उपयोग करें। एचटीपीएस कोरबा पश्चिम से शिशु रोग विशेषज्ञ डाॅ. रेणु कौशिक ने ग्रामीणों को बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों की जांच की। 

स्वास्थ्य शिविर में मुख्य अतिथि मुख्य अभियंता श्री एचके. सिंह एवं ग्राम के जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिकों समेत अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।  शिविर में 62 ग्रामीणों ने मधुमेह एवं रक्तचाप की जांच कराई। 90 ग्रामीणों को परामर्श के बाद सर्दी, खांसी, बुखार एवं जीवन रक्षक दवाइयां बांटी गईं। शिविरों  का लाभ ग्राम डिंडोलभाठा एवं छिरहुट की महिलाएं, बच्चे एवं बुजुर्ग सहित कुल 107 ग्रामवासियों ने उठाया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके गुप्ता, परियोजना प्रबंधक एसके पंड्या, अधीक्षण अभियंता एसके गोठी, एसआर धुर्वे, सुमित सिंह, टीपी सिंह, एएस तोमर, डाॅ. एससी खरे, डाॅ. श्वेतांबरी महंता, डाॅ. पीके पटेल व स्वास्थ्य विभाग की टीम और अन्य अधिकारी एवं ग्राम के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।