13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

पी.एम.ए.वाई. के हितग्राही आवासगृहों का निर्माण एक सप्ताह के अंदर प्रारंभ करायें - आयुक्त श्री पाण्डेय

कोरबा 2026-06-11

आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के बीएलसी घटक के ऐसे हितग्राही जिनको स्वीकृति पत्र प्राप्त हो चुके हैं, से कहा कि वे अपने आवासगृहों का निर्माण एक सप्ताह के अंदर प्रारंभ करायें तथा आवास निर्माण कार्य में तेजी लाकर 18 माह की अवधि के अंदर निर्माण कार्य पूूर्ण करें ताकि वे मुख्यमंत्री जी की गृहप्रवेश सम्मान योजना अंतर्गत प्राप्त होने वाली 32850 रूपये की अतिरिक्त राशि का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होने कहा कि  प्रधानमंत्री जी द्वारा आपको पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिये यह महत्वपूर्ण योजना क्रियान्वित की गई है, अतः आप सब इस योजना का अधिकतम लाभ उठायें।

आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय आज अपने प्रातः भ्रमण के दौरान नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्र. 19, 20 पथर्रीपारा स्लम क्षेत्र पहुंचे। आयुक्त श्री पाण्डेय ने प्रधानमंत्री योजना के दर्जनों ऐसे हितग्राहियों जिनको भवन निर्माण स्वीकृति पत्र महीनों पूर्व प्राप्त हो चुके हैं, किन्तु उनके द्वारा अभी तक मकान का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया है, से मुलाकात की। 

उन्होने इन हितग्राहियों से कहा कि यह अफसोसजनक है कि महीनों पूर्व स्वीकृत पत्र प्राप्त होने जाने के पश्चात भी उनके द्वारा अभी तक आवास निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, और न ही आवास निर्माण के पूर्व की कोई अन्य कार्यवाही की गई है, अतः तत्काल आवासगृहों का निर्माण कार्य प्रारंभ करायें। उन्होने कहा कि यदि उनके द्वारा स्वीकृत पत्र प्राप्ति के 18 माह के अंदर मकान का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाता है तो उन्हे गृहप्रवेश सम्मान योजना के तहत 32850 रूपये की अतिरिक्त राशि भी प्राप्त होगी, अतः समयसीमा में आवास निर्माण पूर्ण कर इस योजना का लाभ भी प्राप्त करें। पथर्रीपारा बस्ती भ्रमण व हितग्राहियों से मुलाकात के दौरान निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, योजना की सहायक नोडल अधिकारी रूचि साहू, सीएलटीसी विरेन्द्र सिंह सैनी, अमन शर्मा, शशिकांत साहू, कौशल साहू, अनिल मोहंती, अमन साहू, रितेश शुक्ला आदि के साथ अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

निगम क्षेत्र में स्वीकृत हैं 4027 नये आवासगृह
यहॉं उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में 4027 नये आवासगृहों की स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिनमें से लगभग 3500 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र व भवन अनुज्ञा दी जा चुकी है तथा शेष का वितरण किया जा रहा है। वर्तमान में 1201 हितग्राहियों ने आवास का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया है तथा यह कार्य प्रगति पर है, शेष हितग्राही निर्माण कार्य प्रारंभ करने में विलंब कर रहे हैं, आयुक्त श्री पाण्डेय ने इन हितग्राहियों से अपील करते हुये कहा है कि वे तत्काल आवासगृहों का निर्माण प्रारंभ करायें, समयसीमा में कार्य को पूरा करें तथा गृहप्रवेश सम्मान योजना का अतिरिक्त लाभ प्राप्त करें।

गृहप्रवेश सम्मान योजना अंतर्गत मिलती हैं 32850 रू. की अतिरिक्त राशि
यहॉं उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा गृहप्रवेश सम्मान योजना क्रियान्वित की गई है, जिसमें यदि हितग्राही 18 माह के अंदर आवास निर्माण कार्य का पूर्ण कर लेता है तो उसे इस योजना अंतर्गत 32850 रूपये की अतिरिक्त राशि प्रदान की जाती है, चूंकि मकान निर्माण कार्य प्रारंभ करने में विलंब किया जा रहा है, तो मकान का निर्माण भी उक्त समयसीमा में नहीं हो पायेगा, जिससे वे 32850 रूपये के अतिरिक्त राशि प्राप्त करने से वंचित हो जायेगे।

04 किश्तों में मिलती है राशि

यहॉं यह भी उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री आवास योजना बीएलसी घटक अंतर्गत हितग्राहियों को 02 लाख 50 हजार रूपये की राशि 04 किश्तों में प्रदान की जाती है। भूतल पर नवनिर्माण होने की स्थिति में फाउण्डेशन लेवल तक निर्माण पर 01 लाख रूपये, लिंटल लेवल तक निर्माण पर 50 हजार रूपये, छत निर्माण पर 50 हजार रूपये तथा कार्य पूर्ण हो जाने पर 50 हजार रूपये की राशि प्रदान की जाती है, इसी प्रकार भूतल एवं प्रथम तल पर नवनिर्माण के लिये फाउण्डेशन लेवल पर 01 लाख रूपये, भूतल में छत निर्माण पर 50 हजार रूपये, प्रथम तल में छत निर्माण पर 50 हजार रूपये एवं कार्य पूर्ण होने पर 50 हजार रूपये की राशि हितग्राही को प्रदान की जाती है। वही 18 माह के अंदर आवासगृह निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिये जाने पर मुख्यमंत्री गृहप्रवेश सम्मान योजना के तहत 32850 रूपये दिये जाने का प्रावधान है ही।

बस्ती की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण

इस दौरान आयुक्त श्री पाण्डेय ने पथर्रीपारा बस्ती की विभिन्न गलियों, पारों व मोहल्लों का पैदल भ्रमण करते हुये वहॉ की सफाई व्यवस्था व मौके पर किये जा रहे साफ-सफाई कार्यो का अवलोकन किया, सफाई कामगारों से उनके कार्यो एवं कार्य स्थल पर चर्चा की तथा अधिकारियों केा निर्देश दिये कि चंूकि शीघ्र ही वर्षा ऋतु का आगमन होने जा रहा है,अतः नाले-नालियों की सम्पूर्ण सफाई का कार्य त्वरित रूप से पूरा करायें। उन्होने कहा कि सफाई कार्य के दौरान उत्सर्जित अपशिष्ट का तुरंत उठाव व परिवहन किया जाए, तथा स्थल पर ज्यादा समय तक कचरा पड़ा न रहें, यह सुनिश्चित कराया जाए।