13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

श्री शुक्ला तीसरी बार बने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक, ट्रांसमिशन

रायपुर 2026-02-27

छत्तीसगढ़ शासन, ऊर्जा विभाग द्वारा जारी आदेशानुसार श्री राजेश कुमार शुक्ला को पुनः सेवा वृद्धि प्रदान की गई है। वे छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड में प्रबंध निदेशक के पद पर तीसरी बार नियुक्त किये गये है। श्री शुक्ला ने राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप छत्तीसगढ़ को संवारने और राज्य शासन के रीति-नीति के अनुरूप विद्युत विकास के मामले में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनाये रखना उनकी प्राथमिकता होगी। 

उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एवं पॉवर कंपनी के अध्यक्ष (ट्रांसमिशन) श्री सुबोध कुमार सिंह तथा ऊर्जा सचिव व पॉवर कंपनी के अध्यक्ष (डिस्ट्रीब्यूशन-जनरेशन) डॉ. रोहित यादव के प्रति भी आभार जताया।

जबलपुर (मध्यप्रदेश) में 8 जुलाई 1963 को जन्मे श्री शुक्ला ने वर्ष 1983 में  शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय, जबलपुर से  बी.ई इलेक्ट्रिकल कर स्नातक की उपाधि प्राप्त की। वर्ष 1984 में मध्यप्रदेश विद्युत मण्डल, जबलपुर में सहायक अभियंता (प्रशिक्षु) के रूप में सेवायात्रा प्रारंभ की और आगे विभिन्न पदों पर रहते हुए वर्ष 2024 में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी में प्रबंध निदेशक के शीर्ष पद पर नियुक्त हुए।  

श्री शुक्ला के मार्गदर्शन में बीते दो वर्षों में ट्रांसमिशन कंपनी ने तकनीकी सुदृढ़ीकरण, परिचालन दक्षता एवं पारदर्शिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। उनके नेतृत्व में विद्युत पारेषण तंत्र के विस्तार, आधुनिकीकरण तथा संस्थागत सुधारों की दिशा में निरंतर प्रगति हुई है।