रायपुर 2026-09-13
भारत ने छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में दुनिया की सबसे लंबी स्टील स्लैग सड़क बनाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। एक दशमलव आठ-पांच किलोमीटर लंबी यह सड़क स्वदेशी तकनीक का बड़े स्तर पर इस्तेमाल दर्शाती है। इस तकनीक में स्टील उत्पादन से निकलने वाले स्टील स्लैग को सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री में बदला जाता है।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने नई दिल्ली में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रदान किए जाने वाले समारोह में कहा कि स्टील स्लैग रोड तकनीक से सड़क निर्माण की लागत करीब 40 प्रतिशत तक कम हो जाती है और पारंपरिक सड़कों की तुलना में इनकी मजबूती चार गुना अधिक होती है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक को सीएसआईआर-सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट, नई दिल्ली द्वारा निजी क्षेत्र की भागीदारी के साथ विकसित किया जा रहा है।
डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार की यह पहल कचरे से संपदा बनाने और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने की प्राथमिकताओं के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि उपयुक्त परिस्थितियों में इस तकनीक से सड़कों के रखरखाव का अंतराल भी काफी बढ़ाया जा सकता है और करीब 15 वर्ष बाद इसकी दोबारा समीक्षा की आवश्यकता पड़ सकती है।
डॉ. सिंह ने कहा कि इस स्वदेशी तकनीक को एक परियोजना से बढ़ाकर कई परियोजनाओं और एक राज्य से बढ़ाकर कई राज्यों तक ले जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसका इस्तेमाल सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अलावा रेलवे, अन्य सरकारी विभागों, राज्य सरकारों और निजी निर्माण क्षेत्र में भी किया जाना चाहिए।