मनोरा जनपद के ओरडीह एवं आराकोना में जल संवर्धन के कार्यों को मिल रही गति
जशपुरनगर 2026-10-05
कलेक्टर श्री रोहित व्यास के मार्गदर्शन और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक कुमार के निर्देशन में वी बी जी राम जी योजना अन्तर्गत जिले में वर्षा जल के संरक्षण, भू-जल संवर्धन और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में जल संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
इसी क्रम में जनपद पंचायत मनोरा की ग्राम पंचायत ओरडीह एवं आश्रित ग्राम आराकोना क्षेत्र में विभिन्न जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है।
इन कार्यों का उद्देश्य वर्षा के पानी को गांवों में अधिक से अधिक रोकना, जल के बहाव को नियंत्रित करना, भू-जल स्तर में सुधार लाना तथा कृषि एवं आजीविका गतिविधियों के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
जल संरक्षण कार्यों के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं, जिससे जल संरक्षण के साथ ग्रामीण आजीविका को भी मजबूती मिल रही है।
जल संरक्षण कार्यों की प्रमुख उपलब्धियां
- आश्रित ग्राम आराकोना में *1700 नग कंटूर ट्रेंच* निर्माण
- ओरडीह में *2100 नग कंटूर ट्रेंच* निर्माण
- *5 आजीविका डबरी* का कार्य पूर्ण
- *10 नग गैबियन* संरचनाओं का निर्माण पूर्ण
- ओरडीह में *10 नग LBCD* का कार्य पूर्ण
- आराकोना के लोहड़ा नाला में *10 नग बोल्डर चेकडैम* में से 6 नग का कार्य पूर्ण, शेष निर्माणाधीन।
जल की हर बूंद को सहेजने की दिशा में प्रयास
कंटूर ट्रेंच, गैबियन, बोल्डर चेकडैम जैसी संरचनाओं के निर्माण से वर्षा जल के बहाव को नियंत्रित करने तथा उसे स्थानीय स्तर पर रोककर उपयोगी बनाने में मदद मिलेगी। इससे मिट्टी के कटाव को कम करने, भू-जल पुनर्भरण को बढ़ावा देने तथा कृषि कार्यों के लिए जल की उपलब्धता में सुधार होती है।
वहीं आजीविका डबरी जैसी संरचनाएं ग्रामीण परिवारों के लिए सिंचाई, मछलीपालन एवं अन्य आजीविका गतिविधियों का आधार बन रही हैं।
इस प्रकार जल संरक्षण के कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ रोजगार एवं आजीविका के नए अवसरों को भी बढ़ावा दे रहे हैं।
जिले में जल संरक्षण कार्यों को स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों और ग्रामीण आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ाया जा रहा है।
वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को सहेजने और गांवों को जल की दृष्टि से अधिक सक्षम बनाने के लिए किए जा रहे ये प्रयास ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।