सरकार देगी आवास सहित पूरी सुविधा
जशपुरनगर 2026-07-24
जशपुर जिले में निवासरत कमजोर वर्ग के दिव्यांगजनों और विशेष आवश्यकता वाले स्कूली बच्चों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है।
समाज कल्याण विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, सेरेब्रल पाल्सी, स्ट्रोक, स्पाइनल कॉर्ड इंजरी, न्यूरोलॉजिकल एवं अस्थि बाधित दिव्यांगता से ग्रस्त ऐसे व्यक्ति, जिन्हें कृत्रिम अंग, ऑर्थोटिक उपकरण, विशेष सहायक उपकरण एवं फिजियोथेरेपी की आवश्यकता है, उन्हें रायपुर स्थित शासन द्वारा संचालित विशेषीकृत अत्याधुनिक निःशुल्क पुनर्वास संस्थान फिजिकल रिफरल रिहैबिलिटेशन सेंटर PRRC एवं सेरेब्रल पाल्सी गेट लैब, माना कैंप में भर्ती कराकर उपचार कराया जाएगा।
विभाग के अनुसार उपचार के दौरान मरीज के साथ जाने वाले एक सहयोगी को भी निःशुल्क आवास दिया जाएगा। यहां विशेषज्ञ फिजियोथेरेपिस्ट और अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से निःशुल्क उपचार एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध है।
उप संचालक, समाज कल्याण जिला जशपुर ने बताया कि उपचार हेतु पात्र एवं इच्छुक दिव्यांगजन-अभिभावक अपने चिकित्सकीय दस्तावेजों के साथ कार्यालयीन दिवस एवं समय पर जिला समाज कल्याण कार्यालय जशपुर में संपर्क कर सकते हैं।
इस योजना का उद्देश्य जिले के जरूरतमंद दिव्यांगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।