6 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, जांच के लिए मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों के 5 नमूने संकलित
जशपुरनगर 2026-11-07
दीपावली पर्व के मद्देनजर आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा पत्थलगांव में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। 6 नवंबर को की गई इस कार्रवाई के दौरान कुल 6 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई तथा विभिन्न खाद्य पदार्थों के 5 नमूने संकलित कर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा पत्थलगांव बस स्टैंड स्थित सेंट्रल रेस्टोरेंट, न्यू बालाजी रेस्टोरेंट, बालाजी फन टू रेस्टोरेंट, रायगढ़ चौक स्थित गोकुल रेस्टोरेंट, रायगढ़ रोड स्थित मां शारदा डेयरी तथा बस स्टैंड स्थित केक बेकरी का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नारियल बर्फी, कलाकंद, बूंदी लड्डू, पनीर एवं भैंस के दूध से बने खोवा के नमूने संकलित किए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा की जांच के लिए भेजा जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिन खाद्य प्रतिष्ठानों में कमियां एवं अनियमितताएं पाई गईं, उन्हें सुधार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। संकलित खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।