13 जनवरी 2000 से प्रकाशित

गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलियों से हथियार सौंपकर समाज में लौटने की अपील की

रायपुर 2026-02-09

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अभी भी सक्रिय बचे हुए नक्सलियों से अपील की है कि वे हथियार सौंप कर आत्मसमर्पण कर दें और समाज की मुख्य धारा में वापस लौट आए। सरकार पूरे सम्मान के साथ उनका पुनर्वास करेगी। आज छत्तीसगढ़ के बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में बस्तर पांडुम महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि जो भी नक्सली सशस्त्र संघर्ष जारी रखेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा और हथियार का जवाब हथियार से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की लड़ाई आदिवासियों की सुरक्षा के लिए है। उन्‍होंने कहा कि विश्व में माओवाद ने किसी का भला नहीं किया है और हर जगह तबाही ही फैलाई।

बस्तर की संस्कृति और कला की सराहना करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि यहां की संस्कृति भारत की संस्कृति का आभूषण है। उन्होंने कहा कि बस्तर की पहचान बारूद से नहीं बल्कि यहां की संस्कृति और विरासत से है। केंद्रीय गृहमंत्री ने बताया कि बस्तर पांडूम् महोत्सव के तहत 12 विधाओं में हुई प्रतियोगिताओं के पहले तीन विजेता दलों को राष्ट्रपति भवन में आमंत्रित किया जाएगा और वे वहां अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

समापन समारोह के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह ने बस्तर पांडुम महोत्सव के तहत हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया।