13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

विद्युत कर्मियों ने विशाल आमसभा कर पुरानी पेंशन की मांग को लेकर दिखाई ताकत

मांग पूरी नहीं होने पर  'विद्युत अधिकारी- कर्मचारी ओपीएस बहाली अधिकार मंच द्वारा सामूहिक कामबंद की चेतावनी

रायपुर 2026-10-05

प्रदेशभर के विद्युत  कर्मचारी एवं अधिकारियों द्वारा ओपीएस की मांग को लेकर  रायपुर में विद्युत कंपनी मुख्यालय डंगनिया के मेनगेट पर विशाल आमसभा की गई। 'विद्युत अधिकारी- कर्मचारी ओपीएस बहाली अधिकार मंच' के तत्वावधान में प्रदेशभर से 12 संगठनों के पदाधिकारी व सदस्यों के साथ हजारों की संख्या में सोमवार को जोरदार नारों के साथ ओपीएस की मांग को लेकर आंदोलन किया। 

इस अवसर पर संगठनों के पदाधिकारियों ने ओपीएस की पुरजोर मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर विद्युत प्रबंधन को 18 नवंबर 2026 को कामबंद कर सामूहिक अवकाश जाने की  चेतावनी दी। अधिकार मंच से रमा पांडेय, अजय शर्मा, निशांत मुंडेजा, तेज प्रताप सिन्हा, वासुदेव भगत. राम इकबाल सिंह, धर्मेंद्र देवांगन, श्रीकांत  बड़गैय्या,  अनिल द्विवेदी, आरसी चेट्टी, मनोज वर्मा, श्रीकांत सिंह ठाकुर ने आमसभा को संबोधित किया। ओपीएस की मांग को लेकर एक संयुक्त ज्ञापन प्रबंधन व प्रदेश सरकार के नाम सौंपा गया। 

यहां उल्लेखनीय है कि राज्य शासन में पुरानी पेंशन लागू हुए लंबा समय बीत गया है। इसके बावजूद छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के कर्मचारी और अधिकारी आज भी पुरानी पेशन योजना के लाभ से वंचित हैं। ऊर्जा विभाग द्वारा 6 अक्टूबर 2023 को पुरानी पेंशन लागू करने संबंधी सैद्धांतिक सहमति दी जा चुकी है, फिर भी अब तक ओपीएस का आदेश पारित नहीं हुआ है।

पूरे प्रदेश में 8500-9000 अधिकारी - कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना से वंचित हैं।इसके बाद भी यदि मांग पूरी नहीं हो पाती है तो आंदोलन का विस्तार किया जाएगा। 

पुरानी पेंशन की मांग को लेकर गठित अधिकार मंच में अभियंता संघ, पत्रोपाधि अभियंता संघ, फेडरेशन-1, कर्मचारी जनता यूनियन,  आरक्षित वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संघ.,  इंटक-56, आफिसर एसोसिएशन , तकनीकी कर्मचारी एकता यूनियन, डाॅक्टर एसोसिएशन, तकनीकी कर्मचारी संघ, बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ, और कार्यालयीन कर्मचारी संघ शामिल हैं।