13 जनवरी 2000 से प्रकाशित
प्रातः कालीन समाचार पत्र, कोरबा

आकाशवाणी के 90 वर्ष : रायपुर में 22 मई को सजेगा ‘स्वरोत्सव’, लोक और शास्त्रीय संगीत की होगी विशेष प्रस्तुति

रायपुर 2026-05-20

आकाशवाणी' भारतीय रेडियो प्रसारण के गौरवमयी 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आकाशवाणी रायपुर द्वारा 22 मई को राजधानी रायपुर में भव्य संगीत संध्या ‘स्वरोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रायपुर के शांति नगर स्थित विमतारा ऑडिटोरियम में सायं 6:30 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित होगा।

देश की समृद्ध प्रसारण परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और जनसंचार में रेडियो की ऐतिहासिक भूमिका को समर्पित इस विशेष आयोजन में लोक, सुगम और शास्त्रीय संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी। आकाशवाणी ने कहा है कि पिछले नौ दशकों में रेडियो ने देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सूचना, शिक्षा और मनोरंजन के सशक्त माध्यम के रूप में रेडियो ने गांव से लेकर महानगर तक करोड़ों लोगों को जोड़ने का कार्य किया है। बदलती तकनीक और डिजिटल युग के बावजूद आकाशवाणी आज भी विश्वसनीय और जनप्रिय प्रसारण माध्यम के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए है।

‘स्वरोत्सव’ के माध्यम से आकाशवाणी रायपुर न केवल रेडियो की ऐतिहासिक यात्रा का उत्सव मनाएगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संगीत परंपरा और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को भी नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास करेगा। कार्यक्रम में प्रदेश और देश के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

सुगम संगीत प्रस्तुति में पद्मश्री सम्मान से अलंकृत सुप्रसिद्ध लोक कलाकार मदन चौहान मुख्य आकर्षण होंगे। वे अपनी विशिष्ट लोक शैली और लोकप्रिय गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। उनके साथ जपंत चौहान और करण साहू गायन में संगत देंगे, जबकि महेन्द्र चौहान तबले पर, कुनाल चौहान ढोलक पर, राहुल चौधरी सिंथेसाइजर पर तथा वैभव कुमार बरमल ऑक्टोपैड पर संगत करेंगे।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। सुप्रसिद्ध गायिका श्वेता शिवाले हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति देंगी। उनके साथ सुगम शिवाले हारमोनियम तथा रामचन्द्र सर्रे तबले पर संगत करेंगे। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत की विविध रचनाओं के साथ भारतीय संगीत परंपरा की गरिमा और गहराई का अनुभव श्रोताओं को मिलेगा।

आकाशवाणी रायपुर ने नागरिकों, संगीत प्रेमियों, कला-संस्कृति से जुड़े लोगों तथा गणमान्य अतिथियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस विशेष आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है। संस्था ने कहा है कि ‘स्वरोत्सव’ भारतीय रेडियो प्रसारण की गौरवशाली विरासत, सांस्कृतिक एकता और संगीत परंपरा के उत्सव का महत्वपूर्ण अवसर होगा।